बार्सिलोना के सेंटर-बैक गेरार्ड पिक और लंबे समय से उनकी पार्टनर पाप सिंगर शकीरा का रिश्ता टूटने की कगार पर है। स्पेन के एक समाचार पत्र एल पीरियोडिको (El Periodico) की खबर में कहा गया है कि यह कपल पिछले कई हफ्तों से अलग-अलग रह रहा है। खबर के मुताबिक, ‘हिप्स डोंट लाई’ सिंगर शकीरा ने कुछ हफ्ते पहले गेरार्ड पिक की धोखेबाजी को पकड़ लिया था। 45 साल की कोलंबियाई सिंगर ने स्पेनिश फुटबॉलर को किसी अन्य महिला के साथ पकड़ लिया था। इसके बाद से ही वह कथित तौर पर गेरार्ड पिक से अलग हो गईं हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, गेरार्ड पिक ने कथित तौर पर उस घर में नहीं रह रहे हैं, जिसे वह शकीरा के साथ शेयर करते हैं। मैनचेस्टर यूनाइटेड के पूर्व स्टार गेरार्ड पिक कई हफ्तों से अपने बैचलर पैड में रह रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि गेरार्ड पिक एक ‘पार्टी लाइफस्टाइल’ जीते हैं। वह नियमित तौर पर बार्सिलोना स्थित पैट्रन (Patron) और ब्लिंग ब्लिंग (Bling Bling) जैसे नाइट क्लबों में जाते हैं। उनकी ऐसी पार्टियां करने की आदत पर लगाम लगाना नियंत्रण से बाहर है। वह अलसुबह दो और तीन बजे तक घर लौटते हैं। पार्टी में ही गेरार्ड पिक और उनके दोस्त को अन्य महिलाओं के साथ देखा गया था।

खबर में कहा गया है कि शायद ये सब बातें ही होंगी जिसके कारण उन्होंने (शकीरा) अलग होने का फैसला किया होगा। समाचार पत्र ने दावा किया, ‘ऐसा है। हो चुका है। इसलिए दूरी है। शायद अब कुछ नहीं बचा है, यह कपल जल्द ही अलग हो सकता है।’ शकीरा और गेरार्ड पिक के अलग होने के सोशल मीडिया पर भी चर्चे हैं। इस हाई-प्रोफाइल सेलेब्रिटी कपल के अलग होने की खबरों से ट्विटर भरा पड़ा है!

बार्सिलोना के स्टार गेरार्ड पिक और पॉपस्टार शकीरा 2011 से साथ हैं। शकीरा को साउथ अफ्रीका में 2010 में खेले गए फीफा वर्ल्ड कप के दौरान फुटबॉलर गेरार्ड पिक से प्यार हो गया था। गेरार्ड पिक और शकीरा के दो बच्चे हैं। दिलचस्प यह है कि शकीरा और पिक का जन्मदिन भी एक ही तारीख (दो फरवरी) को पड़ता है। हालांकि, शकीरा गेरार्ड पिक से करीब दस साल बड़ी हैं।